Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलियाः नौ दिवसीय विकास मेले का भव्य आगाज, डीएम ने किया उद्घाटन! प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर जनपद में विकास कार्यों की झलक


बलिया। प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में नौ दिवसीय विकास मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं बाल्मीकि महर्षि विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे पूरे सभागार में उत्साहपूर्ण माहौल बन गया। साथ ही प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें विभिन्न विकास कार्यों की झलक दिखाई गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि 18 मार्च से 26 मार्च तक जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि आमजन को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया जा सके। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में कानून-व्यवस्था, सड़क निर्माण, पर्यटन और आर्थिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

उन्होंने जानकारी दी कि जनपद को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा बलिया में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका शिलान्यास अगले माह प्रस्तावित है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और फोरलेन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है।

जिलाधिकारी ने “एक जनपद एक उत्पाद” योजना के तहत बलिया के सत्तू और बिंदी को विशेष पहचान मिलने की बात कही। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए बताया कि “लखपति दीदी” योजना के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव-गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनपद में कई क्षेत्रों में सुधार हुआ है, लेकिन अभी भी विकास की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए आवश्यक है कि जनपदवासी सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें और अपने क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर डीडीओ आनंद प्रकाश सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |