Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः देश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व जनसामान्य ने देखा सजीव प्रसारण! विकास के 9 साल पूरे, प्रतापगढ़ में लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ-विधायक सदर


प्रतापगढ़। सूबे के मुख्यमंत्री द्वारा लोकभवन लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार के “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वार्षिक पुस्तक “नवनिर्माण के 9 वर्ष” का भव्य विमोचन किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद प्रतापगढ़ के विकास भवन सभागार में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आम नागरिकों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, प्रभारी जिला विकास अधिकारी सन्तोष कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों और विकास कार्यों को विस्तार से सुना और देखा।

इस अवसर पर सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कहा कि पिछले 9 वर्षो में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और तकनीक पर आधारित सुशासन के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। प्रदेश में गरीब, निर्धंन, असहाय परिवार की बेटियों के लिये मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत 1 लाख रूपये की सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होने कहा कि सांस्कृतिक व पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच रहा है और इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की पहचान अपराध और अराजकता से जुड़ी थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में अग्रसर होकर “उत्तम प्रदेश” के रूप में उभर रहा है। उन्होंने “एक जनपद एक उत्पाद” जैसी योजनाओं को जनपदों की पहचान और आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल ने प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए विकास कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एवं सामग्री वितरित की गई। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के स्वीकृति पत्र, आयुष्मान भारत योजना के कार्ड, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) के अंतर्गत लैपटॉप, वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति पत्र, कस्टम हायरिंग सेंटर की चाभी, पीएम कुसुम योजना के सोलर पंप प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 10 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के प्रमाण पत्र, मशरूम प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों के प्रमाण पत्र तथा एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत पावर ट्रिलर की चाभियां शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त महाकुंभ मेले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होमगार्ड्स को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं से प्राप्त लाभ के लिए आभार व्यक्त किया और इसे अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बताया।

परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव ने जानकारी दी कि 18 मार्च से 26 मार्च तक जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जो ब्लॉक व जनपद स्तर तक आयोजित होंगे। जनपद स्तर पर 23 से 25 मार्च तक तुलसी सदन (हादीहाल) में वृहद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें लाभार्थियों, उद्यमियों, जनसामान्य और जनप्रतिनिधियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में परियोजना निदेशक डीआरडीए ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |