Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः नवनिर्माण के 9 वर्ष! मिशन शक्ति कार्यक्रम में महिलाओं को किया सम्मानित, विकास योजनाओं की दी गई जानकारीः विधायक स्वामी प्रवक्तानंद व जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख, 36 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र व शील्ड देकर किया सम्मानित


पीलीभीत। प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद पीलीभीत में गांधी सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग और महिला कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के साथ हुआ। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रदेश सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि सरकार ष्सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वासष् के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेटा-बेटी में भेदभाव खत्म कर समान अवसर देना हम सभी का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और देश की रक्षा से लेकर उच्च पदों तक अपनी पहचान बना रही हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आर्थिक सशक्तिकरण के लिए आवास और रोजगार अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने जनपद को झोपड़ी मुक्त बनाने का आह्वान करते हुए लोगों से अपील की कि वे अपने गांवों में झोपड़ियों को चिन्हित कर प्रशासन को जानकारी दें, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत बिना गारंटी के 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और डायल 112 के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विधायक स्वामी प्रवक्तानंद एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों सहित विभिन्न विभागोंकृपरिवहन, स्वास्थ्य (स्टाफ नर्स एवं महिला सफाई कर्मी), बाल विकास एवं पुष्टाहार विभागकृमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली 36 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए, जिनमें बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, यूपी नेडा, मत्स्य विभाग, समाज कल्याण विभाग और मिशन शक्ति शामिल रहे। विधायक एवं जिलाधिकारी ने स्टालों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष रेखा परिहार, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव, नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त स्वतः रोजगार, उप कृषि निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बरखेड़ा विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम को नमन किया। उन्होंने कहा कि रानी अवंतीबाई केवल एक ऐतिहासिक वीरांगना नहीं, बल्कि भारतीय नारी शक्ति की जीवंत प्रतीक हैं, जिनका जीवन आज भी हर नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराता है।

स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में रानी अवंतीबाई ने जिस वीरता के साथ अंग्रेजों का सामना किया, वह भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर यह संदेश दिया कि मातृभूमि की रक्षा सर्वोच्च धर्म है और इसके लिए हर बलिदान छोटा है।

उन्होंने अपने उद्बोधन में युवाओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में देशभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे अपने आचरण, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के माध्यम से साबित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा ही सच्ची देशभक्ति है और हर नागरिक को अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करते हुए देश को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।

स्वामी जी ने आगे कहा कि समाज को संगठित होकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए और महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपनाकर एक सशक्त, समृद्ध और जागरूक भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उनके ओजस्वी विचारों से कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का भाव और भी प्रबल हो गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |