आगरा। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत कमिश्नरेट आगरा में शुक्रवार को महिला पुलिसकर्मियों द्वारा भव्य बाइक और स्कूटी रैली निकाली गई। इस रैली का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाना रहा।
रैली की शुरुआत आगरा के पुलिस लाइन्स परेड ग्राउंड से हुई, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी संदेश लिए आमजन को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान पुलिस अपर आयुक्त रामबदन सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से “मिशन शक्ति 5.0” के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य समाज में सकारात्मक संदेश देना और महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना है, ताकि वे निर्भीक होकर अपने अधिकारों का उपयोग कर सकें।
