अमेठी। भादर ब्लॉक प्रमुख और भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह (पप्पू सिंह) त्रिसुंडी ने अमेठी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अपनी दावेदारी सार्वजनिक रूप से जताई है। उन्होंने छीड़ा गांव स्थित शिवमूरत सिंह महाविद्यालय के सभागार में आयोजित संगोष्ठी के दौरान यह घोषणा की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रवीण सिंह ने कहा कि गरीब, दीन-दुखियों और असहाय लोगों की सेवा करना ही उनके जीवन का उद्देश्य रहा है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि वह लगातार जनता के बीच रहकर सेवा कार्य करते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अमेठी की 186 विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में उन्होंने अपनी दावेदारी पेश की है। यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें अवसर देता है तो वे सीट जीतकर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रवीण सिंह ने मौजूद पत्रकारों, प्रबुद्धजनों और वरिष्ठ नागरिकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया।
उन्होंने बताया कि वह करीब 45 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हुए हैं और भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में कई जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्ष 1995 में उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वर्तमान में वह भाजपा जिला उपाध्यक्ष के साथ-साथ भादर ब्लॉक प्रमुख के पद पर भी कार्यरत हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्षों से संगठन और जनता के बीच काम करने का अनुभव उन्हें मिला है। यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें अमेठी से मौका देता है तो वे पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगे। साथ ही उन्होंने पत्रकारों और जनता के सहयोग को भी आवश्यक बताया।
