काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक से तबाही, 400 की मौत पर राशिद खान का छलका दर्द
March 17, 2026
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार रात करीब 9 बजे हुए पाकिस्तानी हवाई हमले में बड़ा हादसा हो गया है. पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक एक अस्पताल पर गिरी, जिसमें कम से कम 400 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 250 लोग घायल बताए जा रहे हैं. यह जानकारी तालीबान के प्रवक्ता ने दी है. स्थानीय मीडिया के मुताबिक घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
इस दर्दनाक घटना पर अफगानिस्तान के स्टार क्रिकेटरों राशिद खान और मोहम्मद नबी ने काबुल में पाकिस्तानी वायुसेना के हमलों और 400 लोगो की मौत की पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गहरा दुख व्यक्त किया है
राशिद खान ने अपने पोस्ट में कहा कि काबुल में पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक के कारण नागरिकों की मौत की खबरें बेहद दुखद हैं. साथ ही नागरिको के घरों, शैक्षणिक संस्थानों या चिकित्सा ढांचे को निशाना बनाना चाहे जानबूझकर हो या गलती से युद्ध अपराध है. राशिद ने आगे लिखा कि मानव जीवन के प्रति इस तरह की अनदेखी, खासकर रमज़ान के पवित्र महीने में, बेहद चिंताजनक है और इससे समाज में नफरत और विभाजन बढ़ेगा.
राशिद खान ने संयुक्त राष्ट्र और मानवाधिकार संगठनों से इस घटना की विस्तृत जांच करने और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की मांग की साथ ही उन्होंने कहा कि वह इस मुश्किल समय में अफगान जनता के साथ खड़े हैं और विश्वास जताया कि देश इस त्रासदी से उबर कर फिर खड़ा होगा.
वहीं मोहम्मद नबी ने अपने पोस्ट में लिखा कि काबुल में बीती रात एक अस्पताल पर हुए बम हमले ने उम्मीद को बुझा दिया और अस्पताल में इलाज कराने आए युवा इस हमले में मारे गए. नबी ने आगे लिखा कि अस्पताल के बाहर माताएं अपने बेटों का नाम पुकारती हुई उनका इंतजार कर रही थीं और रमज़ान की 28वीं रात को उनकी ज़िंदगियां खत्म हो गईं. उन्होंने इस घटना को बेहद दर्दनाक बताया.
