Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

37 यात्रियों से भरी बस में लगी भीषण आग, विधायक भी थे मौजूद


शनिवार तड़के एक बड़ी दुर्घटना टल गई जब भुवनेश्वर से मलकानगिरी जा रही एक निजी यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना ओडिशा सीमा के पास आंध्र प्रदेश के रामभद्रपुरम इलाके में, सुबह करीब 3 बजे हुई। बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग घबराकर बाहर निकलने लगे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग बहुत तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस के अंदर घना धुआं भर जाने से स्थिति और भी भयावह हो गई थी।

बस में मलकानगिरी के विधायक मंगू खिला भी सवार थे। हालांकि राहत की बात यह रही कि बस ड्राइवर की सूझ-बूझ और यात्रियों की सतर्कता से सभी लोग समय रहते बस से बाहर निकल गए। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। आग इतनी भयंकर थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई और केवल उसका जला हुआ ढांचा ही बच पाया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। घटना के बाद प्रशासन ने फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए तुरंत वैकल्पिक बस की व्यवस्था की। अधिकारियों ने आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।

इस बीच ओडिशा के परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना ने ट्वीट कर घटना पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि उन्हें जैसे ही बस में आग लगने और उसमें चित्रकोंडा विधायक मंगू खिला के सवार होने की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत फोन पर उनसे संपर्क कर उनकी स्थिति और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि सौभाग्य से विधायक समेत सभी यात्री सुरक्षित हैं। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए तत्काल जरूरी कदम उठाए जाएं। फिलहाल प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि आखिर बस में आग किस वजह से लगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |