आगरा। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कैंटर से करीब 350 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से कैंटर, दो मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की है, जबकि गिरोह के छह अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार आगरा में एक ही दिन में यह अवैध शराब की दूसरी बड़ी बरामदगी है। इससे पहले एत्मादपुर थाना क्षेत्र में छलेसर के पास एक ट्रक से 600 पेटी अवैध शराब पकड़ी गई थी। इस प्रकार एक ही दिन में पुलिस ने कुल 925 पेटी अवैध शराब बरामद कर बड़ी तस्करी का खुलासा किया है।
एडिशनल डीसीपी अक्षय महाडिक ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कैंटर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर तस्कर आगरा से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध कैंटर को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कैंटर में ऊपर से बोरियां लदी हुई दिखाई दीं, लेकिन जब बोरियों को हटाकर नीचे देखा गया तो वहां अंग्रेजी शराब और बीयर की करीब 350 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। इसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह अवैध शराब हरियाणा और पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी। बिहार में शराबबंदी होने के कारण तस्कर वहां बड़ी मात्रा में शराब पहुंचाकर मोटा मुनाफा कमाने की योजना बना रहे थे। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
एडिशनल डीसीपी अक्षय महाडिक के अनुसार पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुबह एत्मादपुर क्षेत्र में पकड़ी गई 600 पेटी शराब और ट्रांस यमुना क्षेत्र में बरामद 350 पेटी शराब के बीच कोई संबंध तो नहीं है। यदि दोनों मामलों के तार जुड़े पाए जाते हैं तो एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का खुलासा हो सकता है।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के छह अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। पुलिस टीम उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ट्रांस यमुना थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद शराब, कैंटर और अन्य सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
