बलिया। भारत की आगामी जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बलिया में फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के कुल 110 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया गया। ये सभी प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर जिले की विभिन्न तहसीलों में जाकर अनुमानित 8256 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे।
बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक किया जाएगा, जबकि स्व-गणना की प्रक्रिया 7 मई से 21 मई तक चलेगी। इसके लिए विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान फील्ड ट्रेनरों को मकान सूचीकरण, मकान गणना और जनगणना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं व जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि निर्धारित प्रारूप और दिशा-निर्देशों के अनुसार आंकड़ों का सटीक एवं सही संकलन किस प्रकार किया जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सभी फील्ड ट्रेनरों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करें, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू और सटीक तरीके से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसके सफल संचालन में सभी की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है।बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं जनगणना अधिकारी अनिल कुमार, प्रभारी जनगणना अधिकारी मानदेश कुमार चैरसिया सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
