Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगरा: आंबेडकर विश्वविद्यालय की वित्त समिति बैठक सम्पन्न, बजट 2026-27 को मंजूरी! कर्मचारियों को होली पर 2000 प्रोत्साहन, मृत्यु सहायता राशि में बढ़ोतरी


आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के पालीवाल पार्क स्थित बृहस्पति भवन में मंगलवार को वित्त समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। इस दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रशासनिक और वित्तीय प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया तथा कर्मचारियों और शिक्षकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

समिति ने अनुबंध एवं मानदेय पर कार्यरत कर्मचारियों को उनकी पूर्व मांग के आधार पर होली पर्व के अवसर पर ₹2000 प्रोत्साहन भत्ता देने का निर्णय लिया।

इसके अलावा, कर्मचारियों के हित में एक अहम फैसला लेते हुए आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को ₹25,000 से बढ़ाकर ₹50,000 कर दिया गया है, जिससे प्रभावित परिवारों को अधिक सहयोग मिल सके।वहीं, शिक्षक संघ के प्रस्ताव पर सहमति देते हुए शिक्षक कल्याण कोष से मिलने वाली सहायता राशि को भी ₹3 लाख से बढ़ाकर ₹4 लाख करने की मंजूरी दी गई। इसे शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बैठक में वित्त अधिकारी महिमा चंद, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश, कुलसचिव अजय मिश्रा, डिप्टी रजिस्ट्रार कैलाश बिंद और असिस्टेंट रजिस्ट्रार रमाकांत त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, आगरा एवं कार्य परिषद के नामित सदस्य प्रो. सुधांशु पांडिया ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |