बीसलपुर। ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का शुभारंभ पूर्व मंत्री रामशरन वर्मा एवं ब्लॉक प्रमुख अशोक शर्मा द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। बैठक में कुल 11 बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया, जिसमें स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति, पेयजल व्यवस्था, हैंडपंपों की मरम्मत, रिवर नलकूपों का संचालन और अन्य जल स्रोतों की स्थिति प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और विभिन्न विभागोंकृस्वास्थ्य, बाल विकास, पशुपालन एवं शिक्षाकृद्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई।
मनरेगा योजना की प्रगति, वित्तीय वर्ष 2025-26 में कराए गए विकास कार्यों तथा आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। साथ ही राज्य वित्त एवं 15वें केंद्रीय वित्त आयोग की योजनाओं के तहत हुए कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में ग्राम विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
