Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सुलतानपुरः कानून के रक्षक ही बने भक्षक, हर्षफारिंग में साथी सिपाही को लगी गोली , आरोपी भेजा गया जेल


सुल्तानपुर। मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के करमाजितपुर गांव में सोमवार रात तिलकोत्सव समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आबकारी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रायबरेली में तैनात आबकारी विभाग के सिपाही सुरेंद्र कुमार यादव ने समारोह के दौरान अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की। इसी दौरान चली गोली उनके ही साथी सिपाही विनीत मिश्र (36) के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल विनीत को तत्काल उपचार के लिए प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

घटना के संबंध में मोतिगरपुर थाने के उपनिरीक्षक श्रीराम मिश्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 048ध्2026 दर्ज किया गया। उस पर बीएनएस की धारा 109, 7 सीएलए एक्ट तथा 25(1बी)(9)ध्30 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्र व कांस्टेबल सुनील यादव ने मंगलवार शाम लखनऊ-बलिया हाईवे स्थित कैथवारा मोड़ के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर की ऑटोमेटिक पिस्टल (वेबली एंड स्कॉट, मेड इन इंडिया) बरामद की है। बताया गया है कि पिस्टल का लाइसेंस प्रयागराज जिले के फाफामऊ क्षेत्र स्थित शांतिपुरम पते से जारी है।

बरामद पिस्टल को बैलिस्टिक जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। हालांकि घटनास्थल से खोखा बरामद नहीं हुआ है, जिसकी तलाश और जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कैसे हुई और समारोह में हथियार का इस्तेमाल किस परिस्थिति में किया गया।

थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर सामाजिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग जैसी खतरनाक प्रवृत्ति पर सवाल खड़े करती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध या असावधान फायरिंग से बचें, क्योंकि इससे किसी की जान जा सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |