गौरीगंज: कर्तव्य पथ पर अडिग खाकी, एसपी ने पेश की मिसाल
February 22, 2026
गौरीगंज/अमेठी। सेवा और सुरक्षा का संकल्प जब ध्येय बन जाए, तो कैलेंडर की तारीखें और अवकाश के दिन गौण हो जाते हैं। कुछ ऐसा ही उदाहरण अमेठी जनपद में देखने को मिला, जहाँ पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने रविवार के अवकाश के दिन भी कार्यालय पहुँचकर जनता की समस्याओं का निस्तारण किया। आमतौर पर रविवार का दिन प्रशासनिक गलियारों में सन्नाटे का प्रतीक होता है, किंतु अमेठी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दृश्य इसके विपरीत था। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए एसपी ने न केवल उनके प्रार्थना पत्र स्वीकार किए, बल्कि संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं न्यायोचित कार्यवाही के कड़े निर्देश भी दिए। कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति के लिए सेवा का कोई भी दिन अवकाश नहीं होता। जनसुनवाई शासन की प्राथमिकता है और हमारा प्रयास है कि किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े।
