आगरा। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार की केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी द्वारा लोकसभा सदन में प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट का आज आगरा महानगर में लाइव प्रसारण किया गया।
यह कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी के ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर आयोजित हुआ, जहां शहर के समस्त प्रबुद्ध नागरिकों, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने बजट प्रसारण को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री एवं पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह चैहान (भाई साहब) उपस्थित रहे। उन्होंने बजट को राष्ट्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और यह बजट ‘आत्मनिर्भर भारत’ की संकल्पना को और अधिक सशक्त करेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्धजनों ने बजट का स्वागत करते हुए इसे जनकल्याणकारी बजट बताया।
