सासनी। कस्बे के के.एल. जैन इंटर कॉलेज के प्रांगण में रविवार को श्विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ठाकुर अविनाश सिंह, विशिष्ट अतिथि विजय कुमार शर्मा उर्फ श्बेंजूश् और स्वामी रुद्र देवानंद महाराज का आयोजन समिति द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
सम्मेलन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं और युवाओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साह से सराबोर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
मुख्य वक्ता स्वामी रुद्र देवानंद ने अपने संबोधन में हिंदू संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा, ष्युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ना होगा। ऐसे सम्मेलनों का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना और भावी पीढ़ी को हमारे गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना है।ष् उन्होंने आगे कहा कि अनुशासन और धर्म के मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। साथ ही, उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न भजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कॉलेज प्रबंधन और माँ कंकाली हिंदू सम्मेलन समिति द्वारा अतिथियों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन विक्रम सिंह जादौन और आकाश वार्ष्णेय ने किया। सुरक्षा व्यवस्था की कमान पुलिस प्रशासन ने संभाली, जबकि कॉलेज के स्वयंसेवकों ने अनुशासन बनाए रखने में सहयोग किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य अमर वीर (सह विभाग शारीरिक प्रमुख), श्रीमती अरुणा सिकरवार, माधुरी सिंह (प्रबंधक, यूनियन पब्लिक स्कूल), राकेश शर्मा श्राजा जीश्, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बजरंग दल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनेक पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी नवागत अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
