गौरीगंज: पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय के छात्रों ने किया आरआरएसजीएस का भ्रमण, देखा कम्प्यूटर लैब
February 16, 2026
अमेठी। पीएमश्री विद्यालय पश्चिम दुवारा, भेंटुआ के विद्यार्थियों को सोमवार को राजर्षि रणंजय सिंह ग्लोबल स्कूल, अमेठी (आरआरएसजीएस) का भ्रमण कराया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय की स्मॉर्ट कक्षाओं, म्यूजिक रूम, कम्प्यूटर लैब, कम्पोजिट लैब, पुस्तकालय आदि का भ्रमण किया। पीएमश्री विद्यालय के विद्यार्थियों को आरआरएसजीएस के प्रधानाचार्य ललित नारायण शर्मा ने विद्यालय के बारे में जानकारी दी। इसके पश्चात विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्मॉर्ट कक्षाओं का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों को कम्पोजिट लैब तथा मैथ लैब में गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान से संबंधित उपकरणों को दिखाया गया तथा उनके बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को कम्प्यूटर लैब का भ्रमण कराया गया। वहाँ पर कम्प्यूटर शिक्षक वीर बहादुर सिंह द्वारा बच्चों को एमएस ऑफिस का प्रयोग करना सिखाया गया। बच्चों को फिजिक्स, केमिस्ट्री तथा बॉयोलॉजी लैब का भी भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों को विज्ञान शिक्षक सोमेश्वर सिंह तथा मुकेश बरनवाल ने लिटमस टेस्ट तथा सूक्ष्मदर्शी का प्रयोग करना सिखाया और विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए अनेक विज्ञान मॉडल भी दिखाए। इसके पश्चात विद्यार्थियों को क्रीड़ा शिक्षक शिवेन्द्र प्रताप सिंह, विपिन कुमार तथा गरिमा यादव ने अनेक प्रकार के फन गेम खिलाए। विद्यार्थियों को हिन्दी शिक्षक अभिजित त्रिपाठी ने तुकबंदी करने तथा कविता लेखन के गुण सिखाए और शिक्षक हर्षित सोनी और शशांक शर्मा ने वैदिक गणित के सूत्र और ट्रिक्स सिखाई। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर प्रोजेक्टर पर फिल्म भी देखी और गीतों पर फ्रीजिंग डांस खेल का भी आनंद उठाया। पीएमश्री विद्यालय के प्रधानाचार्य रामकुमार सिंह ने आरआरएसजीएस के प्रधानाचार्य तथा शिक्षकों को धन्यवाद दिया और कहा कि निश्चय ही उनके विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी इस भ्रमण से काफी ज्ञान अर्जित किया।
