उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के दरोगाबाग में देर रात एक खड़ी इको स्पोर्ट्स कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दरोगाबाग मोहल्ले में सड़क किनारे खड़ी इस कार से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी लपटों में घिर गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, यह शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से, इसकी जांच की जा रही है। घटना का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से बनाया, जिसमें कार तेज लपटों में घिरी दिख रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल मामला संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने का प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा था या किसी शरारती तत्व की हरकत। वाहन स्वामी को भी घटना की सूचना दे दी है।