Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रुद्रपुर: 22 साल पुरानी मुराद पूरी करने की घोषणा पर महापौर का किया अभिनंदन! आवास की घोषणा पर देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ ने जताया आभार


रुद्रपुर। नगर निगम के पर्यावरण मित्रों की दो दशक से लंबित आवास की मांग अब धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा महापौर विकास शर्मा के प्रस्ताव पर सार्वजनिक रूप से आवास निर्माण की घोषणा किए जाने के बाद पर्यावरण मित्रों में खुशी का माहौल है। इसी को लेकर ‘देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ’ के बैनर तले समस्त पर्यावरण मित्रों ने महापौर विकास शर्मा का जोरदार अभिनंदन किया और शॉल ओढ़ाकर व पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महापौर ने पर्यावरण मित्रों को ट्रेक सूट भी वितरित किये। 

बता दें कि शहर के पर्यावरण मित्र पिछले लगभग 20-22 वर्षों से सरकारी आवास की मांग कर रहे थे। पूर्व के जनप्रतिनिधियों द्वारा समय-समय पर आश्वासन तो दिए गए, लेकिन यह मांग फाइलों और वादों में ही दबी रही। हाल ही में नगर निगम ने खेड़ा क्षेत्र में धार्मिक स्थल की आड़ में कब्जाई गई आठ एकड़ बेशकीमती भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था। महापौर विकास शर्मा ने इसी भूमि में से एक एकड़ जमीन पर्यावरण मित्रों के आवास के लिए आरक्षित करने का वायदा किया था।

बीते दिनों गांधी पार्क में आयोजित ‘एक साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के दौरान महापौर ने इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने सार्वजनिक मंच से सीएम धामी को अवगत कराया कि पर्यावरण मित्र लंबे समय से सिर छिपाने के लिए छत की बाट जोह रहे हैं। महापौर के इस तर्कपूर्ण आग्रह को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल आवास निर्माण की सार्वजनिक घोषणा कर दी, जिससे पूरे वाल्मीकि समाज और सफाई कर्मचारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई।

पर्यावरण मित्रों ने अपनी खुशी का इजहार करते हुए नगर निगम परिसर में महापौर का जोरदार अभिनंदन किया। अभिनंदन समारोह के दौरान कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री धामी जिंदाबाद और विकास शर्मा जिंदाबाद के नारे भी लगाए। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जो काम पिछले 22 साल में नहीं हो सका, उसे महापौर विकास शर्मा ने महज एक साल के कार्यकाल में मुमकिन कर दिखाया है। यह न केवल एक घोषणा है, बल्कि पर्यावरण मित्रों की भावनाओं और उनके संघर्ष का सम्मान है।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने पर्यावरण मित्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें ‘नगर निगम के असली हीरो’ करार दिया। महापौर ने कहा कि पर्यावरण मित्र नगर निगम परिवार का अभिन्न अंग हैं। शहर को स्च्छ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर है, इनके प्रयासों से ही नगर निगम स्वच्छता के क्षेत्र में चार बड़े पुरस्कार हासिल कर पाया है और नगर निगमों की श्रेणी में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर पाया है। महापौर ने कहा कि पर्यावरण मित्रों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों की आवास की मांग जायज थी जिसे प्रभावी ढंग से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया और मुख्यमंत्री धामी ने इसे प्राथमिकता से पूरा करने की घोषणा की है। महापौर ने एक और वायदा करते हुए कहा कि आवास निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करवाई जायेगी और अपने कार्यकाल में ही वे इन आवासों को पर्यावरण मित्रों को समर्पित करेंगे। 

कार्यक्रम के दौरान महापौर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को ट्रैक सूट भी वितरित किए। इस दौरान देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के शाखा अध्यक्ष सोनू मुल्तानी, महामंत्री अंकित कुमार, संदीप आजाद, लक्ष्मण चैहान, मुकेश राजौरिया, रंजीत कुमार, अशोक राजपाल, मुकेश सिंह, राजपाल सिंह, विनोद सहित भारी संख्या में पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |