अमेठीः यूजीसी प्रावधानों के पक्ष में भीम आर्मी का शक्ति प्रदर्शन
February 16, 2026
अमेठी। गौरीगंज कलेक्ट्रेट परिसर में भारी गहमागहमी रही। भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता एकजुट हुए और सरकार के यूजीसी (विश्वविद्यालय) वाले नए नियमों को तुरंत लागू करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ये नए नियम पिछड़े और गरीब समाज के बच्चों को बड़ी पढ़ाई में बराबर का मौका दिलाएंगे। प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि कुछ लोग इन अच्छे नियमों का विरोध कर रहे हैं, जिससे हमारे समाज के बच्चों का नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्रशासन के माध्यम से देश के राष्ट्रपति जी को ज्ञापन भेजी। इस ज्ञापन में मुख्य रूप से ये बातें कही गईं जो नए नियम बने हैं, उन्हें बिना किसी डर या दबाव के पूरी सख्ती से चालू किया जाए,ऊँची पढ़ाई और नौकरियों में गरीब-पिछड़े बच्चों के साथ कोई भेदभाव न हो,कॉलेजों में दाखिले और चुनाव की प्रक्रिया एकदम पारदर्शी और ईमानदार हो। कलेक्ट्रेट में भीड़ को देखते हुए पुलिस का कड़ा पहरा रहा, लेकिन प्रदर्शन पूरी तरह शांति से निपटा।उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और भरोसा दिया कि उनकी बात सरकार तक पहुँचाई जाएगी। प्रदर्शन में हरिश्चंद्र, अरुण अम्बेडकर, इश्तियाक, लवकुश और कई अन्य साथी मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बच्चों के हक के लिए ये नियम जल्द लागू नहीं हुए, तो वे आगे भी अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
