लखनऊ: नगर निगम द्वारा ग्राम बस्तौली में करोड़ों की सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया
February 16, 2026
लखनऊ । नगर निगम द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देशन में तथा अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देशानुसार ग्राम बस्तौली, तहसील सदर, जिला लखनऊ स्थित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे को हटाया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बस्तौली की गाटा संख्या-99, क्षेत्रफल 0.177 हेक्टेयर भूमि, राजस्व अभिलेखों में कब्रिस्तान के रूप में दर्ज है तथा यह नगर निगम के अधीन शासकीय भूमि है। आरोप है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा इस भूमि पर अवैध रूप से बाउंड्रीवाल निर्माण, प्लॉटिंग तथा व्यावसायिक उपयोग का प्रयास किया जा रहा था। इससे न केवल सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचने की आशंका थी, बल्कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि के स्वरूप में भी परिवर्तन किया जा रहा था।इस संबंध में नगर निगम को प्राप्त शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का निर्णय लिया गया। सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम अरविन्द पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को चिह्नित किया और जेसीबी मशीन की सहायता से बाउंड्रीवाल व अन्य अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया।पूरी कार्रवाई का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम राजेन्द्र कुमार ने किया। अभियान के दौरान नगर निगम के लेखपाल विनोद कुमार वर्मा, कविता तिवारी और संजू मौर्या उपस्थित रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु थाना गाजीपुर से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अतिरिक्त नगर निगम प्रवर्तन दल (ईटीएफ) की टीम भी मौके पर मौजूद रही, जिससे कार्रवाई को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सका। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार इस अभियान के तहत लगभग 0.100 हेक्टेयर बेशकीमती भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 7 करोड़ रुपये बताया गया है।
