बरखेड़ा।बरखेड़ा क्षेत्र की बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल में उस वक्त हड़कंप मच गया,जब वहां कार्यरत 32 वर्षीय देवेंद्र श्रीवास्तव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मिल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चीनी मिल के मुख्य गेट पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया।
मृतक मजदूर बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव डांडिया राझे का रहने वाला था जो पिछले 8-10 वर्षों से मिल में ट्रैक्टर के जरिए गन्ने की श्बैगासश् (खोई) खींचने का कार्य करता था। परिजनों का कहना है कि वह रोज की तरह काम पर गया था, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई तो चीनी मिल प्रशासन ने कोई जानकारी नही दी और घटना को छुपाकर रखा।मृतक के भाई ने मिल प्रशासन पर सीधा निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि मजदूर की मौत मिल परिसर में काम करने के दौरान हुई है। परिजनों का गुस्सा इस बात को लेकर है कि मिल प्रबंधन घटना की सही जानकारी देने में आनाकानी कर रहा है।
मौत की खबर मिलते ही गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मिल गेट पर जमा हो गए और न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने मजदूर का शव मिल के गेट पर ही रख दिया,जिससे मिल का कामकाज प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही थाना बरखेड़ा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को संभालने की कोशिश की जा रही थी।फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। पुलिस परिजनों को समझाने और मामले की जांच करने में जुटी है। मिल प्रबंधन की ओर से अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके। पुलिस और मिल अधिकारियों के बीच वार्ता जारी है। परिजन उचित मुआवजे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।वही चीनी मिल प्रशासन और थाना पुलिस के सहयोग से मृतक के परिजनो की बातचीत हुई और आर्थिक सहयोग से मृतक के परिजन राजी हुए तब जाकर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा।
