बाराबंकी । देवा कस्बे में युवक के माथे पर लगे तिलक को जबरन पानी से धोने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान देवा कस्बा निवासी जावेद के रूप में हुई है, जो दरगाह रोड पर सिन्नी-चादर बेचने का काम करता है। दशहरा बाग पटेल नगर निवासी हरीश शर्मा ने देवा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गुरुवार को पड़ोस में रहने वाली एक मुस्लिम महिला के साथ दरगाह आए थे। महिला जियारत के लिए दरगाह परिसर में चली गई, जबकि हरीश मुख्य गेट से लगभग सौ मीटर पहले खड़े थे।
आरोप है कि इसी दौरान जावेद ने उन्हें आपत्तिजनक शब्दों में बुलाया और माथे पर तिलक लगे होने पर आपत्ति जताई। पीड़ित द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कथित तौर पर जबरन दबोचकर अपनी दुकान पर ले गया, जहां पानी से तिलक मिटा दिया। साथ आई महिला ने भी आरोपी के इस व्यवहार पर कड़ा विरोध जताया।
घटना के बाद पीड़ितों ने देवा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। अतिरिक्त प्रभारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
.jpg)