लखनऊः नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक सघन और बहुस्तरीय अभियान चलाया
February 09, 2026
लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने सोमवार को एक सघन एवं बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।जोन-3 में जोनल अधिकारी आकाश कुमार के निर्देशन में 296 टीम के सहयोग से व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान बाबूगंज डालीगंज, त्रिवेणीनगर, प्रीती नगर, अन्ना मार्केट, कपूरथला और ताड़ीखाना क्षेत्रों में अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटी और अन्य अतिक्रमण हटाए गए। अभियान के चलते सड़कों और फुटपाथों पर फैले अवरोधों को साफ किया गया, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला।इसी क्रम में जोन-7 के जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में भी अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। जोन-7 के अंतर्गत सेक्टर-17 सब्जी मंडी तथा कंचना बिहारी मार्ग से बसेरा मोड़ तक नालियों, नालों और सड़कों की दोनों पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान 2 ठेलिया, 5 कैरेट, 1 तखत और 2 तराजू जब्त किए गए, जबकि 4 काउंटर, 3 ठेले, 4 ठेलिया और 2 गुमटी हटाई गईं। यह पूरी कार्रवाई अधीक्षक विनय मौर्य, ईटीएफ टीम तथा 296 टीम की उपस्थिति में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
