गौरव गोगोई के 'पाक कनेक्शन' की होगी जांच, असम कैबिनेट ने गृह मंत्रालय को भेजी रिपोर्ट
February 08, 2026
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगई और उनकी पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न गोगोई पर कई गंभीर आरोप लगाए और इनके पाकिस्तान कनेक्शन की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की सिफारिश केंद्र सरकार भेजी है। उन्होंने दावा किया कि एलिजाबेथ कोलबर्न 2011-12 के दौरान पाकिस्तान में कार्यरत थीं और उन्होंने कुल 9 बार पाकिस्तान की यात्रा की। सीएम के अनुसार, "वे अली तौकीर शेख नामक एक पाकिस्तानी नागरिक के बेहद करीब थीं। जब हमने एलिजाबेथ से इस बारे में सवाल पूछे, तो उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया।"
हिमंत विश्व शर्मा ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौरव गोगोई पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गौरव गोगोई युवाओं को लेकर पाकिस्तान दूतावास गए थे और वो पिक्चर वायरल हुई। वहां उन्होंने काफ़ी समय बिताया । इस पिक्चर को देखकर मुझे यकीन नहीं हुआ था । उसके बाद हमने जांच शुरू की । कांग्रेस का कोई और नेता पाकिस्तान दूतावास डेलीगेशन लेकर नहीं गया होगा । अब्दुल बसीत इसके बाद असम भी आए थे । SIT की रिपोर्ट के बाद असम कैबिनेट ने तय किया कि केंद्रीय एजेंसी से जाँच होनी चाहिए और इसलिए गृह मंत्रालय को हमने लिखा है ।
हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि गौरव को केवल लाहौर का वीजा मिला था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने खुद हस्तक्षेप कर उन्हें इस्लामाबाद और कराची बुलाया। एक सामान्य नागरिक को पाकिस्तान में यह 'रेड कार्पेट' स्वागत क्यों मिला? उन 10 दिनों में गौरव गोगोई 'डिजिटल साइलेंस' पर थे। क्या उन्हें वहां कोई विशेष ट्रेनिंग दी गई थी?
