Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सुलतानपुरः हफ्ते भर से लापता वृद्ध का शव गेहूं के खेत में मिला, परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार


सुलतानपुर। जिले के मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के शुकुल दुलैचा गांव में बुधवार सुबह एक 75 वर्षीय वृद्ध का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी शीतला प्रसाद मिश्र के रूप में हुई है। वह 10 फरवरी 2026 की सुबह अचानक अपने घर से लापता हो गए थे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद 11 फरवरी को उनके बड़े बेटे श्रीपति मिश्र ने मोतिगरपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग सरसों की कटाई के लिए खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर घर से लगभग 200 मीटर दूर गेहूं के खेत में पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर ग्रामीणों ने मृतक की पहचान शीतला प्रसाद मिश्र के रूप में की। सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर मोतिगरपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ जयसिंहपुर आर.के. चतुर्वेदी ने भी मौके का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया और इस संबंध में पुलिस को लिखित पत्र भी दिया।

मृतक के पुत्र श्रीपति मिश्र ने बताया कि उनके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह पहले भी दो बार घर से गायब हो चुके थे। उन्होंने किसी भी प्रकार की साजिश या हादसे से इनकार करते हुए पोस्टमार्टम न कराने की बात कही। परिजनों की लिखित सहमति न मिलने के कारण पुलिस टीम वापस लौट गई।

इसके बाद परिवार ने मृतक का अंतिम संस्कार दियरा राजघाट पर कर दिया। घटना को लेकर गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले को सामान्य मानते हुए आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |