लखनऊः तीन वर्षों के लिए लीगल एड क्लीनिक पर शिया पीजी कॉलेज व डीएवी महाविद्यालय में एमओयू
February 16, 2026
लखनऊ। विधिक सहायता को मजबूत करने और विधि विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से विधिक सहायता केंद्र, विधि संकाय, शिया पीजी कॉलेज, खदरा एवं विधिक सहायता केंद्र, विधि संकाय, डीएवी महाविद्यालय, ऐशबाग के बीच तीन वर्षों के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता डीएवी महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधिक सहायता केंद्र, शिया पीजी कॉलेज के निदेशक डॉ. वहीद आलम ने बताया कि विधि महाविद्यालयों में लीगल एड क्लीनिक की स्थापना विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 तथा बार काउंसिल ऑफ इंडिया लीगल एजुकेशन रूल्स, 2008 के अंतर्गत की जाती है। उन्होंने कहा कि लीगल एड क्लीनिक के दो प्रमुख उद्देश्य हैं पहला, शैक्षणिक उद्देश्य, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को क्लिनिकल लीगल एजुकेशन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाता है, ताकि वे वास्तविक जीवन की कानूनी समस्याओं को समझकर उनके समाधान की प्रक्रिया सीख सकें। दूसरा, सामाजिक उद्देश्य, जिसके तहत गरीब, वंचित एवं अशिक्षित लोगों को निरूशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है और कानूनी जागरूकता फैलायी जाती है। यह पहल भारतीय संविधान के अनुच्छेद 39ए में निहित ‘न्याय सबके लिए’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विधिक सहायता केंद्र, डीएवी महाविद्यालय के निदेशक डॉ. आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रत्येक कॉलेज में लीगल एड क्लीनिक का संचालन प्रायः जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सहयोग से किया जाता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर नालसा, राज्य स्तर पर एसएलएसए तथा जिला स्तर पर डीएलएसए कार्य करते हैं। इन क्लीनिकों में विधि संकाय के सदस्य और पैरा लीगल वालंटियर्स (कानून के विद्यार्थी) सक्रिय भूमिका निभाते हैं तथा लोक अदालतों, विधिक जागरूकता शिविरों और परामर्श कार्यक्रमों में सहभागिता करते हैं। डीएवी महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राजीव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि दोनों संस्थाएं मिलकर समाज के कमजोर वर्गों के लिए सार्थक कार्य करेंगी और विधिक सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेंगी। उप प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी ने कहा कि निरूशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करना निर्धन व्यक्तियों का अधिकार है और दोनों संस्थान इस दिशा में प्रभावी कार्य करेंगे। कार्यक्रम में शिया पीजी कॉलेज के उप निदेशक डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. उग्रसेन वर्मा तथा डीएवी महाविद्यालय के उप प्रभारी डॉ. राजेंद्र कुमार चैरसिया, डॉ. गणेश यादव, डॉ. सतेंद्र कुमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। समारोह का समापन आपसी सहयोग और विधिक जागरूकता को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।
