Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊः ट्रांसपोर्ट नगर बना जाम का अड्डा, बेतरतीब ट्रक पार्किंग से जनजीवन बेहाल


लखनऊ। हिन्दनगर कॉलोनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र इन दिनों अव्यवस्थित ट्रक पार्किंग का केंद्र बन चुका है। यहां सड़कों के चारों ओर भारी-भरकम ट्रकों की कतारें दिन-रात लगी रहती हैं, जिससे पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़कें मानो ट्रक स्टैंड में तब्दील हो चुकी हैं, जहां आम लोगों के लिए निकलना तक मुश्किल हो गया है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक ट्रकों की वजह से क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है। स्कूल जाने वाले बच्चों, ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, दुकानदारों और राहगीरों सभी को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। दोपहिया वाहन चालकों को संकरी जगह से निकलना पड़ता है, जबकि चारपहिया वाहनों के लिए तो कई बार रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता है। कई मौकों पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है, जो किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता देने जैसा है।

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस  क्षेत्र से मात्र कुछ ही दूरी पर आरटीओ कार्यालय स्थित है, जहां से यातायात व्यवस्था और भारी वाहनों के संचालन पर नियंत्रण होना चाहिए। इसके बावजूद ट्रकों की अवैध और अनियंत्रित पार्किंग पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है और जिम्मेदार विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।

क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने कई बार मौखिक रूप से शिकायतें भी की हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। लोगों की मांग है कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए अलग से व्यवस्थित पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं, सड़क किनारे खड़े ट्रकों पर नियमित कार्रवाई हो और यातायात पुलिस की सक्रिय निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।

यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है। प्रशासन को चाहिए कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए तुरंत ठोस कदम उठाए, ताकि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र को जाम की समस्या से मुक्त कराया जा सके और आमजन को राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |