आगरा। शहर में सफाई मित्रों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनोखे विरोध की तैयारी की है। जानकारी के अनुसार सिकंदर वाल्मीकि, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश नगर निगम जलकल विभाग कर्मचारी संघ, ने मुख्यमंत्री को खून से पत्र लिखकर सफाई कर्मियों की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है।
कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि आउटसोर्सिंग पर कार्यरत सफाई मित्रों को वेतन वृद्धि का लाभ शीघ्र दिया जाए। उनका कहना है कि वर्तमान वेतनमान में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। इसके साथ ही संविदा पर कार्य कर रहे सफाई कर्मियों को स्थायी किए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
संगठन की ओर से यह भी कहा गया कि समुदायिक शौचालयों पर कार्यरत महिला केयर टेकरों को भी वेतन बढ़ोतरी का लाभ मिलना चाहिए, क्योंकि वे भी नियमित रूप से जिम्मेदारी निभा रही हैं, लेकिन उन्हें पर्याप्त पारिश्रमिक नहीं मिल रहा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष सफाई कर्मी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
संघ के अध्यक्ष सिकंदर वाल्मीकि ने कहा कि सफाई व्यवस्था शहर की मूल आवश्यकता है, लेकिन इस काम से जुड़े कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल पा रही। उन्होंने सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
