Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगरा: कोटेदार भी बनाएंगे आयुष्मान कार्ड, ऑपरेटर आईडी की गई जारी


आगरा । आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के अंतर्गत अब कोटेदार भी आयुष्मान कार्ड बनाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। इसके लिए कोटेदारों की ऑपरेटर आईडी जारी कर दी गई है, जिससे वे अपने क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बना सकेंगे।

शुक्रवार को विकास भवन स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में इस संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी क्षेत्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (एमओआईसी) एवं कोटेदारों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान कोटेदारों को आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रक्रिया, पात्रता की शर्तें तथा आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जाती है, जिसमें परिवार के सभी सदस्य शामिल होते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि जिले में एक फरवरी से विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत आयुष्मान कार्ड से वंचित पात्र परिवारों के कार्ड बनाए जाएंगे। अभियान के दौरान 100 प्रतिशत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि गोपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |