प्रतापगढ/बाबागंज। बाबागंज ब्लाक में फतेहशाहपुर मजरें भरतगढ़ ग्राम पंचायत में संचालित प्राथमिक विद्यालय में बाउंड्री वॉल न होने के कारण छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय खुला होने से आवारा पशुओं का परिसर में आना-जाना लगा रहता है, जिससे पढ़ाई बाधित होती है और बच्चों को चोट लगने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय अभिभावकों का कहना है कि बाउंड्री वॉल न होने के कारण छोटे बच्चे सड़क की ओर चले जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। वहीं बारिश के मौसम में बाहरी लोगों का विद्यालय परिसर में प्रवेश भी आम हो गया है। विद्यालय प्रांगण की जमीन पर गांव के ही कतिपय लोगो ने कब्जा करके निर्माण कर लिया है। जिससे बाउंड्री वाल का निर्माण नही हो पा रहा है। विद्यालय की जमीन से अवैध कब्जा धारकों का कब्जा हटवाने का मुकदमा भी न्यायालय में विचाराधीन है। मुकदमा विचाराधीन होने के कारण स्कूल में बाउंड्री वॉल का निर्माण नही हो पा रहा है। विद्यालय में 26 पंजीकृत विद्यार्थियों पर महज एक शिक्षामित्र गुणवती देवी तथा एक सहायक अध्यापक धीरज कुमार वर्मा की नियुक्ति की गई है और धीरज को स्कूल का प्रभारी भी बनाया गया है। धीरज कुमार ने बताया कि महज एक शिक्षक की ही विभाग द्वारा नियुक्ति होने के कारण आपातकाल में भी उनको अवकाश नही मिल पाता है। महिला शिक्षामित्र होने के कारण स्कूल की व्यवस्था को संचालित करने के लिए उनको आपातकाल में भी स्कूल आना पड़ता है। इस संबंध में बीईओ बाबागंज आशीष कुमार मिश्र का कहना है कि स्कूल की जमीन का मुकदमा होने के कारण बाउंड्री वॉल का निर्माण नही हो पा रहा है एकल शिक्षक होने पर उन्होंने कहा कि शिक्षामित्र होने पर विद्यालय को एकल नही माना जा सकता है। यदि विभाग द्वारा स्थानांतरण होता है तो वहां पर शिक्षकों की नियुक्ति कर दी जाएगी।
