अमेठी। विकासखंड के कटरा फूल कुंवर ग्राम सभा में सरकारी धन की सरेआम बंदरबांट का मामला सामने आया है। यहाँ निर्माणाधीन पंचायत भवन में मानकों को दरकिनार कर अति-घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है,जिसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि प्रशासन और ठेकेदार की मिलीभगत से भविष्य में होने वाले बड़े हादसे की नींव रखी जा रही है।
ग्रामीणों ने मौके पर प्रदर्शन करते हुए बताया कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही ईंटें, बालू और सीमेंट की गुणवत्ता अत्यंत निम्न स्तर की है। सरकारी मानकों लोक निर्माण विभाग को ताक पर रखकर बिना किसी तकनीकी देखरेख के काम धड़ल्ले से जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर अभी जांच नहीं हुई, तो यह भवन बनने के कुछ समय बाद ही जमींदोज हो सकता है।
हैरानी की बात यह है कि जब इस गंभीर भ्रष्टाचार की शिकायत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बृजेश सिंह से की गई,तो उनका रवैया बेहद उदासीन रहा। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा सूचना मिली है, लेकिन अभी मेरे पास समय नहीं है।मैं दो-तीन दिन में जाकर देखूंगा।
अधिकारी के इस 'फुर्सत वाले' बयान ने ग्रामीणों के गुस्से को और भड़का दिया है।ग्रामीणों का तर्क है कि यदि दो-तीन दिन बाद जांच होती है,तो तब तक घटिया सामग्री को प्लास्टर के पीछे छिपा दिया जाएगा और सबूत मिटा दिए जाएंगे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाया जाए।लैब टेस्ट के माध्यम से सामग्री की निष्पक्ष जांच हो।दोषी ग्राम प्रधान,सचिव या ठेकेदार के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई और रिकवरी की जाए।
