पीलीभीतः समग्र शिक्षा अभियान के तहत आरटीई कार्यशाला आयोजित, 90 ईसीसीई एजुकेटरों को मिले नियुक्ति पत्र! राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने किया उद्घाटन, प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी
February 09, 2026
पीलीभीत। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत सोमवार को गांधी प्रेक्षा ग्रह में शिक्षा अधिकार अधिनियम (आरटीई) पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (गन्ना विकास एवं चीनी मिलें) संजय सिंह गंगवार ने किया। कार्यक्रम में जिले भर के मान्यता प्राप्त तथा सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों ने सहभागिता की।कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई थी, लेकिन वर्तमान केंद्र और राज्य सरकार ने शिक्षा को नई दिशा दी है। सरकार की योजनाएं बिना भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रही हैं, चाहे वह किसी भी जाति, धर्म या वर्ग से संबंधित क्यों न हों।जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत प्रत्येक बच्चे को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को कॉन्वेंट स्कूलों में प्रवेश दिलाकर शिक्षित किया जा रहा है। अलाभित परिवारों के नौनिहालों के लिए विशेष शैक्षिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।इस अवसर पर राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने शिक्षा अधिकार अधिनियम के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार वाहन जिलेभर में भ्रमण कर आरटीई के तहत स्कूलों में संचालित योजनाओं की जानकारी देंगे।कार्यक्रम के दौरान परिषदीय विद्यालयों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए चयनित 90 ईसीसीईएजुकेटर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही चयनित अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।बीएसए रोशनी सिंह ने कहा कि विभाग का निरंतर प्रयास है कि शिक्षा की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से आह्वान किया कि वे योजनाओं का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।कार्यक्रम में ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, मरौरी ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा, जिला समन्वयक राकेश पटेल, मनीष श्रीवास्तव, सचिन कुमार चैधरी, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, के.के. सागर, अजय कुमार, नीरजा शुक्ला, सईदा, डॉली सिंह, यशिका शर्मा, अंजलि गंगवार, स्पेशल एजुकेटर रामदास, संजीव मिश्रा, पंकज गंगवार, पवन अग्रवाल सहित शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
