पीलीभीत। एनएमओ (नेशनल मेडिको ऑर्गेनाइजेशन) के तत्वावधान में “गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0” के अंतर्गत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के समापन समारोह के उपलक्ष्य में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत के प्रेक्षागृह में एक भव्य, सुव्यवस्थित एवं अत्यंत गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेडिकल छात्र समीर राघव एवं अन्य छात्रदृछात्राओं द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना तथा एनएमओ मंत्र के साथ हुआ। इसके उपरांत सम्मानित अतिथियों को मंच पर आमंत्रित किया गया तथा दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। तत्पश्चात अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया गया तथा एनएमओ एवं स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 के उद्देश्य, पृष्ठभूमि एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनूप गुप्ता, प्रदेश महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी एवं सदस्य विधान परिषद, उत्तर प्रदेश की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य वक्ता के रूप में संजय सिंह गंगवार जी, माननीय राज्य मंत्री, गन्ना एवं चीनी मिलें, उत्तर प्रदेश सरकार तथाडॉ. आस्था अग्रवाल, अध्यक्ष, पीलीभीत नगर पालिका परिषद कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।इसके अतिरिक्त माननीय जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा जी, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत द्वारा की गई। विशेष रूप से प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार, एएसएमसी शाहजहांपुर की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. आस्था अग्रवाल ने स्वास्थ्य सेवा यात्रा के सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए दूरस्थ एवं वंचित क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं की पहुँच को समय की आवश्यकता बताया।
माननीय जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में जनहित में ऐसे सेवा-आधारित अभियानों की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्य वक्ता मंत्री संजय सिंह गंगवार ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में स्वास्थ्य सेवा को राष्ट्रसेवा का प्रभावी माध्यम बताते हुए एनएमओ द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की सराहना की। वहीं मुख्य अतिथि श्री अनूप गुप्ता जी ने सेवा, समर्पण एवं संगठनात्मक भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अनुभव कथन सत्र में डॉ. अर्चना सिंह (विभागाध्यक्ष, शरीर रचनाध्एनाटॉमी), दिव्या सागर, हर्षित एवं कनिष्का यादव ने स्वास्थ्य शिविरों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए, जिनसे भारतदृनेपाल सीमा से सटे दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामों में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के जमीनी प्रभाव का सजीव चित्र प्रस्तुत हुआ।
इसके उपरांत डॉ. विनोद द्वारा पीलीभीत यात्रा का संक्षिप्त वृत्त प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का सम्मान भी किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आलोक कुमार स्वास्थ्य सेवाएँ की पीलीभीत जिले की उपलब्धियों के बारे मे जानकारी दी।अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा जी ने चिकित्सा शिक्षकों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं छात्रदृछात्राओं की सक्रिय सहभागिता की मुक्तकंठ से सराहना की।
एनएमओ संगठन की ओर से जिला प्रभारी एवं एनएमओ मेरठ प्रान्त के उपाध्यक्ष डॉ. निधीश कुमार जी, सह-प्रभारी डॉ. देवल अरोड़ा जी, क्षेत्रीय सचिव डॉ. विनोद जी, डॉ. अभिषेक जी, एनएमओ शाहजहांपुर यूनिट अध्यक्ष डॉ. अमित सक्सेना जी तथा एएसएमसी बुलंदशहर से पधारे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. बृजेन्द्र जी की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
अंत में धन्यवाद प्रस्ताव उप-प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें एनएमओ भारत ट्रस्ट, प्रशासन, चिकित्सकों, संकाय सदस्यों, एमबीबीएस छात्रदृछात्राओं, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं ग्रामवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम के समापन की औपचारिक घोषणा की गई। संपूर्ण कार्यक्रम सकारात्मक, प्रेरणादायी एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में डॉ अलका के समन्वयन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। डॉ अलका एन एम ओ की पदाधिकारी हैं।
