Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊः लिव-इन पार्टनर ने प्रेग्नेंट होने पर कराया जबरन गर्भपात, शादी के बाद मांगा 5 लाख दहेज, चेहरा तेजाब से जलाने की धमकी


लखनऊ। आशियाना इलाके में एक युवती ने अपने पति पर लिव-इन के दौरान जबरन गर्भपात कराने और शादी के बाद 5 लाख रुपये दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसका चेहरा तेजाब से जलाने की धमकी देकर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, ठीक तीन साल पहले यानी 17 फरवरी 2023 को उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए बांदा निवासी शिव हनुमान पटेल से हुई थी। आरोपी शिव लखनऊ आया और शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ लेखराज मार्केट के पास करीब डेढ़ साल तक लिव-इन में रहा। इस दौरान जब महिला प्रेग्नेंट हुई, तो शिव ने शादी करने के बजाय उसकी पिटाई की और जबरन कोई दवा खिला दी। बेहोश होने के बाद महिला का गर्भपात हो गया और आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया।

शिव के भागने के बाद पीड़िता ने बांदा के बिसंडा थाने में शिकायत की। पुलिस का दबाव बढ़ते देख शिव ने पहले मंदिर और फिर कोर्ट मैरिज की। लेकिन यह शादी महिला के लिए और बड़ी मुसीबत बन गई। महिला का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आया। पति, सास, ससुर और ननद ने मिलकर 5 लाख रुपये नकद, एसी, फ्रिज और गहनों की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर महिला को एक अलग कमरे में बंद कर प्रताड़ित किया जाने लगा।जब महिला ने विरोध किया, तो ससुराल वालों ने उसका चेहरा तेजाब से जलाने की धमकी दी और उसे घर से निकाल कर मायके भेज दिया।

इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति शिव हनुमान पटेल, ससुर, सास और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जबरन गर्भपात और दहेज प्रताड़ना के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |