Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

आगरा: निर्माणाधीन आगरा सिविल एयरपोर्ट टर्मिनल का केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने किया निरीक्षण! आगरा को मिलेगा सिविल एयरपोर्ट का तोहफा, 55 प्रतिसत कार्य पूर्ण


आगरा। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं आगरा सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने मंगलवार को आगरा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ निर्माणाधीन सिविल टर्मिनल (धनौली) का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को 30 सितंबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण कर हैंडओवर किया जाए।

इससे पूर्व खेरिया एयरपोर्ट सभागार में मंत्री की अध्यक्षता में आगरा हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

बैठक में जिला प्रशासन, वायु सेना, सीआईएसएफ, इंडिगो एयरलाइंस सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान आगरा से गोवा, सूरत, गुवाहाटी, जम्मू-कश्मीर, बौद्ध सर्किट एवं वाराणसी जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए उड़ानों की सुविधा बढ़ाने पर चर्चा की गई।

बैठक में सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट ने सुरक्षा बल की संख्या बढ़कर 250 होने की जानकारी देते हुए उनके आवास व उपकरण रखरखाव हेतु 5 एकड़ भूमि आवंटन का मुद्दा भी उठाया।

निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रभारी ने मंत्री को निर्माण प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 55 प्रतिशत भौतिक कार्य पूर्ण हो चुका है। बेसमेंट कार्य समयसाध्य रहा, लेकिन अब निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

करीब 441.79 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह प्रोजेक्ट 144.07 एकड़ क्षेत्रफल में विस्तृत है। इसमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त टर्मिनल भवन, मल्टीलेवल पार्किंग, 19 चेक-इन काउंटर, ई-चेक इन, एरोब्रिज, फुल बॉडी स्कैनर, डिजी यात्रा डिवाइस, सोलर पावर प्लांट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं ग्राउंड वाटर रिचार्ज सिस्टम जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण श्रमिकों से मुलाकात कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, मजदूरी एवं आवास व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने श्रमिकों को ई-लेबर कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। मंत्री ने आश्वासन दिया कि धनौली गांव को नगर निगम की सीमा में लाकर एयरपोर्ट के आसपास क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |