लखनऊ/लखीमपुर खीरी। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर 4 फरवरी 2026 को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, निर्मल नगर में विशेष कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सर्वाइकल कैंसर, ओरल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर की निःशुल्क जांच की जाएगी।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने बताया कि यह शिविर प्रातः 10रू00 बजे से सायंकाल 4रू00 बजे तक संचालित रहेगा। शिविर का उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समय रहते जांच कराकर बीमारी की पहचान करना है। उन्होंने कहा कि कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर जांच, सही उपचार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर इससे बचाव संभव है।
उन्होंने बताया कि कैंसर के प्रमुख कारणों में तंबाकू, गुटखा, खैनी, पान मसाला का सेवन, धूम्रपान एवं शराब का सेवन, मुंह की सफाई का अभाव, असंतुलित भोजन, मोटापा, शारीरिक निष्क्रियता एवं असुरक्षित यौन संबंध शामिल हैं।शिविर के दौरान महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के लक्षणों जैसे स्तनों के आकार या बनावट में बदलाव, निप्पल से स्राव, स्तन या कांख में गांठ, लगातार दर्द आदि की जांच की जाएगी। वहीं सर्वाइकल कैंसर के अंतर्गत माहवारी के बीच रक्तस्राव, संभोग के दौरान या बाद में दर्द व रक्तस्राव, दुर्गंधयुक्त स्राव, पेशाब करते समय दर्द जैसे लक्षणों की जांच की जाएगी। ओरल कैंसर की जांच में मुंह में सफेद या लाल धब्बे, लंबे समय से न भरने वाले छाले, मुंह खोलने में कठिनाई, जीभ या गाल में गांठ जैसे लक्षणों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।सीएमओ ने बताया कि जांच के दौरान यदि कोई भी मरीज संदिग्ध या पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे आगे के उपचार हेतु उच्च चिकित्सा केंद्रों पर अग्रसारित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि विश्व कैंसर दिवस पर संकल्प लें, स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें। 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी महिला एवं पुरुषों को कम से कम पांच वर्ष में एक बार कैंसर की स्क्रीनिंग अवश्य करानी चाहिए।
