मुसाफिरखाना: 47वें दिन भी जारी रहा अधिवक्ताओं का प्रदर्शन
February 18, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठीं। तहसील परिसर मुसाफिरखाना में अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार 47वें दिन भी जारी रहा। अधिवक्तागण अभिनव कन्नौजिया के खिलाफ भ्रष्टाचार, घूसखोरी और विधि-विरुद्ध आदेश पारित करने के आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक एसडीएम का मुसाफिरखाना से स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि एसडीएम के कार्यकाल में तहसील परिसर के विभिन्न पटलों पर भ्रष्टाचार और घूसखोरी चरम पर है तथा कई मामलों में विधि के विपरीत आदेश पारित किए गए हैं। बार एसोसिएशन मुसाफिरखाना के उपाध्यक्ष ने कहा कि अधिवक्ताओं ने इस संबंध में जिलाधिकारी अमेठी संजय चैहान से मुलाकात कर 22 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है। मामले की जांच जारी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। धरना-प्रदर्शन के दौरान बार एसोसिएशन मुसाफिरखाना के अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला, सचिव राजीव तिवारी, प्रवक्ता राजन सिंह, डिफेंडर ऑफ लॉ सतीश सिंह, ललित चैबे, नवनीत चैबे, संदीप तिवारी, बिंदेश्वरी मिश्रा, संजय शुक्ला, प्रमोद श्रीवास्तव, बृजेश शुक्ला, प्रभाकर सिंह, विनय श्रीवास्तव एवं सत्यभान सिंह सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
