मुसाफिरखानाः तहसील में अधिवक्ताओं का 35वें दिन भी प्रदर्शन जारी! एसडीएम स्थानांतरण की मांग पर अड़े वकील
February 04, 2026
मुसाफिरखाना/अमेठी। मुसाफिरखाना तहसील में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अभिनव कन्नौजिया के विरोध में अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार 35वें दिन भी जारी रहा। रोज की भांति आज भी अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में घूम-घूमकर जमकर नारेबाजी की और एसडीएम के स्थानांतरण की मांग दोहराई। लगातार जारी हड़ताल के चलते तहसील न्यायालयों का कामकाज पूरी तरह से प्रभावित है। फरियादियों और वादकारियों को अपने मामलों की सुनवाई नहीं हो पा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं और प्रशासन के बीच जारी इस टकराव में सबसे अधिक नुकसान आम नागरिकों को उठाना पड़ रहा है। सभी की निगाहें अब जिलाधिकारी अमेठी द्वारा गठित जांच टीम की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे विवाद पर कोई ठोस निर्णय होने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल हालात जस के तस बने हुए हैं और जनता अधिवक्ताओं व प्रशासन के बीच चल रही इस खींचतान में पिसती नजर आ रही है।
