संग्रामपुर /अमेठी!उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले में शोक संतप्त परिवार के सदस्यों सहित कम से कम 20 लोग घायल हो गए हैं। प्राप्त सूचना के अनुसार, एक घायल व्यक्ति की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
यह घटना भेटुआ ब्लॉक के धरईमाफी गांव की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीण अनिल यादव की 85 वर्षीय दादी के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार हेतु तेली तारा क्षेत्र के समीप ले जाया गया था। दोपहर के समय, जब परिजन चिता पर शव रखने की तैयारी कर रहे थे, तभी निकटवर्ती बाग में स्थित मधुमक्खियों का एक झुंड आक्रामक हो गया और वहां उपस्थित जनसमूह पर धावा बोल दिया।
हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि श्मशान घाट पर अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के माध्यम से भैटुआ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल राम आसरे शुक्ला की स्थिति अत्यंत गंभीर थी, जिसके चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के पश्चात सुल्तानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।अन्य घायलों में अनिल यादव, मोहित दुबे, चंद्रपाल यादव, सोनू यादव और रविंद्र यादव शामिल हैं। अधिकांश को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
