Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अमेठीः शैक्षणिक उत्कृष्टता और भविष्य की राह! इंदिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज में द्वितीय वार्षिक समारोह, 2026 का कैलेंडर जारी


अमेठी। मुंशीगंज स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग कॉलेज में वर्ष 2025 का द्वितीय वार्षिक शैक्षणिक समारोह गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समर्पण इंस्टिट्यूट लखनऊ की प्रधानाचार्य एवं उपाध्यक्ष डॉ. दीप्ति शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, अमेठी के डॉ. सौरभ सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, वंदना गीत और स्वागत नृत्य से हुआ, जिसमें छात्रों ने राजस्थानी, कश्मीरी और संबलपुरी लोकनृत्यों की प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। संस्थान के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष बेनजीर ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने कॉलेज के शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। मुख्य अतिथि डॉ. दीप्ति शुक्ला ने इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग को प्रदेश का अव्वल दर्जा प्राप्त संस्थान बताते हुए यहां उपलब्ध अत्याधुनिक ऑडिटोरियम जैसी सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां के विद्यार्थी न केवल देश-प्रदेश बल्कि विदेश में भी रोजगार प्राप्त कर कॉलेज का नाम रोशन कर रहे हैं। इस दौरान, संस्थान के विभिन्न विभागों ने अपनी वार्षिक शैक्षणिक और प्रयोगशाला रिपोर्ट प्रस्तुत की। मेडिकल-सर्जिकल एवं बाल स्वास्थ्य नर्सिंग, मानसिक स्वास्थ्य एवं सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग, प्रसूति एवं स्त्री रोग नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग, जीएनएम, एएनएम, पोस्ट बेसिक बीएससी और एमएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने अपने पाठ्यक्रमों के सकारात्मक पहलुओं को साझा किया और भविष्य के सुधारों के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। डॉ. दीप्ति शुक्ला ने नर्सिंग पेशे में नैतिक मूल्यों और शैक्षणिक गुणवत्ता के महत्व पर विशेष बल दिया। वहीं, डॉ. सौरभ सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ के रूप में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। बैठक के अंतिम चरण में आगामी वर्ष की नीतियों, गुणवत्ता सुधार और ऑडिट रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन वर्ष 2026 के नए शैक्षणिक कैलेंडर के वितरण के साथ हुआ, जिसे विभिन्न कक्षाओं के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश एस., उप-प्रधानाचार्य डॉ. गोमती एम. और विभागाध्यक्ष, सामुदायिक स्वास्थ्य नर्सिंग की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल संचालन कीर्ति मिश्रा और हर्षिता त्रिपाठी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नर्सिंग लेक्चरर  पियूष ने प्रस्तुत किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |