लखनऊ । दुबग्गा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की अपनी ही पूर्व कोचिंग सहेली की साजिश का शिकार हो गई। डरी-सहमी बच्ची ने जब परिजनों को आपबीती सुनाई, तब जाकर इस पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
पीड़ित किशोरी इकरा बदला नाम की मां उजमा के अनुसार, इकरा की दोस्ती कोचिंग में साथ पढ़ने वाली संध्या से थी। 20 जनवरी को संध्या इकरा के घर पहुँची और उसे डराया कि उसकी इंस्टाग्राम आईडी हैक हो गई है। इसे ठीक कराने के नाम पर उसने रुपयों की मांग की। जब इकरा ने पैसे देने से मना किया, तो संध्या ने अपने बॉयफ्रेंड आसिफ के साथ मिलकर 13 साल की बच्ची के साथ मारपीट की। डर के मारे बच्ची ने अपने पिता के कैटरिंग के काम के रखे लॉकर से 65,000 रुपये निकालकर संध्या को दे दिए।
आरोपियों का लालच यहीं खत्म नहीं हुआ। 24 जनवरी को संध्या ने इकरा से 40,000 रुपये और मांगे। पैसे न देने पर एक युवक ने खुद को संध्या का भाई बताकर इकरा को फोन किया। उसने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं मिले तो इकरा के अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे और उसे अगवा कर लिया जाएगा।
धमकियों से परेशान होकर बच्ची ने अपनी मां को सब कुछ बता दिया। परिजनों ने तुरंत दुबग्गा थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने संध्या, उसके बॉयफ्रेंड आसिफ और धमकी देने वाले युवक के खिलाफ आईपीसी और पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और यह भी जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह ने अन्य बच्चों को भी इसी तरह निशाना बनाया है।
