राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए अजित पवार
January 29, 2026
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का आज उनके गृह नगर बारामती में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। बुधवार को विमान हादसे में उनकी मौत हो गई थी। राज्य सरकार ने अजित पवार के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
विद्या प्रतिष्ठान मैदान में अजित पवार के अंतिम संस्कार के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। मैदान के अंदर एक चबूतरा बनाया गया था, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। मैदान में बैरेकेडिंग की गई थी, ताकि लोग सही तरीके से दर्शन कर सकें और सुरक्षित तरीके से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया देख सकें। इसके साथ ही, जगह-जगह बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी, ताकि दूर से आए लोग भी इस अंतिम श्रद्धांजलि समारोह में भाग ले सकें और उनके आखिरी संस्कार को देख सकें।
पांच बड़े पंडाल लगाए गए थे, जिनमें देशभर के बड़े नेता और अजित पवार के पारिवारिक रिश्तेदार बैठे थे। इन पंडालों में अजित पवार की बड़ी तस्वीर लगाई गई थी। वहीं,अजित पवार के अंतिम संस्कार के मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
बता दें कि अजित पवार 28 जनवरी की सुबह बारामती की चुनावी सभाओं में शिरकत करने जा रहे थे। इस दौरान उनका विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। इस भयावह हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
