शाहबाद। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशन में विकास खण्ड शाहबाद क्षेत्र में बंजर एवं खाली पड़ी भूमि को उपयोगी बनाते हुए हरित क्षेत्र में परिवर्तित करने तथा गौवंशों के लिए पर्याप्त हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल की गई है।
इस क्रम में उपजिलाधिकारी शाहबाद द्वारा नगर पंचायत शाहबाद क्षेत्र में लगभग 250 बीघा भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। कब्जा-मुक्त कराई गई भूमि पर जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खण्ड विकास अधिकारी शाहबाद द्वारा दिनांक 30 जनवरी 2026 को प्रथम चरण में लगभग 40 बीघा भूमि में हरे चारे “चरई” की बुवाई कराई गई है। शेष अवशिष्ट भूमि पर भी चरणबद्ध तरीके से हरे चारे “चरई” की बुवाई का कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा।
इस पहल से जहां एक ओर वर्षों से अनुपयोगी पड़ी भूमि हरित क्षेत्र में परिवर्तित होकर पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण सौंदर्य को बढ़ावा देगी, वहीं दूसरी ओर विकास खण्ड शाहबाद में संचालित कुल 03 गौ-आश्रय स्थलों में संरक्षित गौवंशों के लिए नियमित पर्याप्त मात्रा में हरा चारा उपलब्ध हो सकेगा। इससे गौवंशों के पोषण स्तर एवं स्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार आएगा।
