इंडिगो फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग, बम से उड़ाने की मिली धमकी
January 30, 2026
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इंडिगो की एक फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई. कुवैत से दिल्ली जा रही इस फ्लाइट में बम होने की धमकी मिलने के बाद विमान में सवार 180 यात्रियों और उनके सामान की जांच की गई.
कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में टिश्यू पेपर पर हाइजैक करने और बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिलने के बाद विमान की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई. एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक यात्री और उनके सामान की पूरी तरह जांच की गई. अब तक किसी भी यात्री के पास से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. इसके बाद फ्लाइट के टेक-ऑफ होने में अभी लगभग 2 घंटे का समय लग सकता है.
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के पीआई एन. डी. नकुमे ने बताया कि धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं और BDDS (बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड) द्वारा विमान की गहन जांच की गई. हालांकि जांच में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली. फिलहाल विमान की जांच की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और प्रोटोकॉल के अनुसार आगे की जांच जारी है.
जानकारी के मुताबिक अहमदाबाद हवाई अड्डे पर फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई जो कि पूरी तरह सुरक्षित रही. इसके बाद विमान में सवार सभी 180 यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया. यात्रियों को टर्मिनल के एक सुरक्षित हिस्से में ले जाया गया, ताकि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो. पहले ही सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया था. हालात पर तुरंत काबू पा लिया गया है.
इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तैनात बम निरोधक दस्ता, खोजी कुत्तों की टीम और सीआईएसएफ के जवान तुरंत एक्टिव हो गए. पूरे एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई. रनवे के आस-पास और विमान के पास अनधिकृत आवाजाही रोक दी गई है. हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके.
