अमेठीः अज्ञात नवजात मिलने से हडकंप
January 27, 2026
अमेठी। जिले के भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा कैमा में एक अज्ञात नवजात शिशु मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह घटना तारिक के फार्म के पास की है, जहां सुबह ग्रामीणों ने नवजात शिशु को पड़ा हुआ देखा। शिशु को देखकर ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश दोनों देखने को मिला। ग्रामीणों ने बिना देर किए मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना अध्यक्ष तनुज पाल को अवगत कराया गया। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नवजात शिशु की स्थिति का जायजा लिया। शिशु के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, ताकि उसे आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल सके। पुलिस ने इस मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। नवजात को छोड़ने वाले अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि कोई अहम सुराग मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
