पीलीभीतः विठौरा कलां में बनेगा मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालयरू विधायक बरखेड़ा! विधायक स्वामी प्रवक्तानंद और जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने किया शिलान्यास
January 31, 2026
पीलीभीत। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड मरौरी अंतर्गत ग्राम विठौरा कलां में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक स्वामी प्रवक्तानंद और जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। शिलान्यास नारियल फोड़कर एवं विधि-विधान से पूजन के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर ईसीसीई एजुकेटर के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। विधायक ने नारियल फोड़ श्री गणेश किया। करीब 24 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विद्यालय को क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था में मील का पत्थर बताया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि विद्यालय के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की पढ़ाई कराई जाएगी। इसके साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मिनी स्टेडियम, कम्प्यूटर लैब, तकनीकी शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, भोजन एवं आवास की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। विधायक ने कहा कि यह विद्यालय ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा और बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का कार्य करेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण से न केवल गांव में शिक्षा का स्तर सुधरेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र का समग्र विकास होगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को शिक्षित बनाना हम सबका नैतिक कर्तव्य है, जिससे जनपद की साक्षरता दर में वृद्धि हो सके।जिलाधिकारी ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना से आच्छादित कर पीलीभीत को झोपड़ी मुक्त जनपद बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पात्र और जरूरतमंद लोगों को कंबल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
