Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः मकर संक्रांति पर बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा व उल्लास के साथ हुआ खिचड़ी प्रसाद वितरण! स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने स्वयं लोगों को बांटा प्रसाद, बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु


पीलीभीत। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और परंपरागत उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। महामंडलेश्वर एवं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज के नेतृत्व में 128 विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगर क्षेत्रों में खिचड़ी प्रसाद वितरण का व्यापक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने सहभागिता करते हुए प्रसाद ग्रहण किया।

खिचड़ी भोग का आयोजन विकासखंड बरखेड़ा की ग्राम पंचायत मसीद, ग्राम पंचायत रोहतानियां, ग्राम पंचायत ज्योरह कल्याणपुर, ग्राम पंचायत हिम्मतनगर सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में किया गया। इसके साथ ही नगर बरखेड़ा में पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता ‘पप्पन’ के आवास, आशी गुप्ता के प्रतिष्ठान, बिथरा चैराहे पर हरेंद्र पाल के प्रतिष्ठान सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी प्रसाद की व्यवस्था की गई।

सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया और एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाए गए इस पर्व ने क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूत किया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल कश्यप, अशोक कुमार लोधी, प्रेमशंकर गंगवार, हरेंद्र पाल, युगल वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता, सामाजिक प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।

स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने स्वयं विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति का पर्व आत्मशुद्धि, दान, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी सौहार्द को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने क्षेत्रवासियों को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक वातावरण बना रहा और लोगों ने पर्व को उत्साह व श्रद्धा के साथ मनाया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |