शुकुलबाजारः यातायात नियमों के उल्लंघन पर कसा शिकंजा, 75 वाहनों पर कार्रवाई
January 08, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जनपद अमेठी में मुंशीगंज,मुसाफिरखाना,कमरौली, आदि स्थानों पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री द्वारा राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई बृहस्पतिवार को प्रवर्तन दल द्वारा की गई। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 16 चालान किए गए। सीट बेल्ट न लगाने के मामलों में 15, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाने पर 25, ई-रिक्शा की फिटनेस एवं बीमा संबंधी अनियमितताओं पर 15 तथा शराब के नशे में वाहन चलाने पर 12 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने पर 7 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 75 वाहनों के विरुद्ध चालानध्बंद की कार्रवाई की गई। प्रवर्तन के साथ-साथ वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने, चार पहिया एवं भारी वाहनों के चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने की हिदायत दी गई। इस संबंध में परिवहन विभाग यात्री कर अधिकारी दिनेश कुमार रावत ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
