पीलीभीत। जनपद के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शासन से 29.88 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होते ही किसान सहकारी चीनी मिलों द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान किसानों के खातों में भेज दिया गया है। यह जानकारी जिला गन्ना अधिकारी खुशी राम भार्गव ने दी।
उन्होंने बताया कि शासन से प्राप्त धनराशि में से 17.88 करोड़ रुपये बीसलपुर चीनी मिल को तथा 12 करोड़ रुपये पूरनपुर चीनी मिल को प्राप्त हुए हैं। धनराशि मिलते ही आरटीजीएस के माध्यम से किसानों के खातों में भुगतान कर दिया गया।
बीसलपुर चीनी मिल द्वारा 6 जनवरी 2026 तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान किसानों को कर दिया गया है। अब तक बीसलपुर चीनी मिल का 79.57 प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान हो चुका है। वहीं पूरनपुर चीनी मिल द्वारा 17 दिसंबर 2025 तक खरीदे गए गन्ने का भुगतान किसानों के खातों में भेजा गया है और यहां कुल 48.12 प्रतिशत भुगतान पूर्ण हो चुका है।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि पीलीभीत चीनी मिल द्वारा शत-प्रतिशत गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है। बरखेड़ा चीनी मिल का विगत वर्ष का संपूर्ण भुगतान हो चुका है तथा चालू पेराई सत्र का भुगतान भी प्रारंभ कर दिया गया है। बरखेड़ा चीनी मिल द्वारा अब तक नए पेराई सत्र में 2.45 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि अब तक जनपद की सभी चीनी मिलों द्वारा कुल 410.54 करोड़ रुपये की धनराशि किसानों के खातों में भेजी जा चुकी है। इस दौरान जनपद में 164.03 लाख कुंतल गन्ने की खरीद की गई है, जबकि 15.58 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हो चुका है।
वर्तमान में जनपद की सभी चीनी मिलें अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों से गन्ना पेराई का कार्य कर रही हैं। एलएच चीनी मिल द्वारा 102.08 लाख कुंतल, बरखेड़ा चीनी मिल द्वारा 34.95 लाख कुंतल, बीसलपुर चीनी मिल द्वारा 13.32 लाख कुंतल तथा पूरनपुर चीनी मिल द्वारा 13.68 लाख कुंतल गन्ने की खरीद की जा चुकी है।
.jpg)