अमेठीः इग्नू के कौशल आधारित पाठ्यक्रमों से विद्यार्थी अपने भविष्य संवारे- डॉ0 रीना कुमारी
January 07, 2026
अमेठी। इग्नू क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ की उपनिदेशक डॉ.रीना कुमारी ने आर.आर.पी.जी. कॉलेज अमेठी (कोड 48036) में चल रही परीक्षा का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा की सुचिता और व्यवस्था पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। इग्नू के जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य एवं केंद्राध्यक्ष डॉ. ओम प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि इग्नू द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों को विशिष्ट पाठ्यक्रम संदर्भित करते हुए महाविद्यालय में अध्ययनरत स्नातक परास्नातक छात्रों को इग्नू द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर अपने ज्ञान एवं कौशल को समृद्ध करने हेतु प्रेरित किया। उपनिदेशक डॉ.रीना कुमारी ने बताया कि इग्नू में प्रवेश प्रक्रिया वर्ष में दो बार होती है वर्तमान में प्रवेश प्रक्रिया गतिमान है, सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु पंजीकरण की अंतिम तारीख 31 जनवरी निर्धारित है तो वहीं पूर्व पंजीकृत छात्रों हेतु पुनः पंजीकरण की अंतिम तारीख 15 जनवरी है। इग्नू में स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट स्तर के पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। प्रवेश के समय विद्यार्थियों ने जो यूजर आईडी व पासवर्ड बनाया था उसी का प्रयोग करके विद्यार्थी रीदृरजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए विद्यार्थी ईमेल भेज सकते हैं या इग्नू के क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ पर किसी भी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं। इग्नू की उपलब्धियां के बारे में वार्ता के दौरान डॉ. रीना कुमारी ने बताया कि अभी हाल में इग्नू, भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत स्किल ट्रेनिंग लागू करने और इग्नू के रीजनल सेंटर में स्किल सेंटर स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया है। दिल्ली के कौशल भवन में इग्नू के कुलपति प्रो. उमा कांजीवाल और एमएसडीई की सचिव देवा श्रीमुखर्जी और दोनों संस्थाओं के अन्य सीनियर अधिकारियों की उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। जागरूकता कार्यक्रम के उपरांत अधिक संख्या में छात्र छात्राओं ने उपनिदेशक डॉ. रीना कुमारी से मिलकर अपने पाठ्यक्रम संबंधित जानकारी प्राप्त करके प्रवेश लेने की शीघ्रातिशीघ्र इच्छा व्यक्त की।
